फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दबंगों ने छात्रा को अगवा कर गाली-गलौज कर धमकाने के मामले में पीडि़त पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन दबंग युवक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फर्रुखाबाद के गुंजन विहार कालोनी निवासी अनिल कुमार पुत्र स्व0 कुंवरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में दर्शाया कि २१ जुलाई को पुत्री तनु एएनएम की टे्रनिंग करने लिंजीगंज स्वास्थ्य केंद्र गयी थी। वहां से वह ई-रिक्शा द्वारा अपने चाचा के घर बिर्राबाग गयी थी। शाम ५ बजे वह अपने घर गुंजन विहार ई-रिक्शा द्वारा जा रही थी, तभी शाम ६ बजे आलू मण्डी सातनपुर गेट के सामने शहनाज पुत्र फकील, साजेव पुत्र नामालूम, शफीक मोहम्मद दूसरे ई-रिक्शा से आये और ई-रिक्शा के सामने लगा दिया और अगवा करने की नियत से पुत्री को बैठा लिया। आरोपीगण पुत्री कमालगंज स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या ४६ पर सूनसान जगह ले गये। आरोपीगण शराब के नशे में थे, जिन्होंने पुत्री के साथ अभद्रता की। पुत्री के शोर मचाने पर राहगीर आ गये। जिन्होंने उक्त लोगों को पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। वहीं कुछ लोग थाने पहुंच गये और कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
छात्रा का अपहरण कर दबंगों ने की अभद्रता, ग्रामीणों ने पकडक़र पुलिस को सौंपा
