फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पांचाल घाट गंगा तट पर लगे मेला श्री रामनगरिया में साधु संत अपनी-अपनी कुटिया में पूजा पाठ में लीन दिखायी दे रहे हैं। कहीं कथाओं का दौर चल रहा है, तो कहीं पूजा भजन, तो कहीं कल्पवासी गंगा स्नान कर गंगा की भक्ति में लीन दिखायी दे रहे हैं। वहीं मनोरंजन के साधन भी मेले में लग चुके हैं। शुक्रवार को निकली धूप में काफी संख्या में दूरदराज से पहुंचे लोगों ने गंगा स्नान कर पूजा अर्चना की। वहीं महिलाओं ने मेले में लगी दुकानों पर घर गृहस्थी की सामग्री खरीदी। वहीं बच्चों ने झूला आदि मनोरंजन के साधनों का आनन्द लिया। जूना अखाड़ा के अध्यक्ष महंत सत्यगिरि महाराज ने बताया कि जो मनुष्य पवित्र गंगा तट पर एक माह तक रुककर मां गंगा में स्नान कर उनकी सच्चे मन से आराधना करता, तो उसके समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं और उसे मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि मां भागीरथी की आराधना के लिए माघ मास बहुत ही शुभ होता है। इसलिए गंगा तट पर एक माह के लिए मेला लगता है। जिससे भक्तगण यहां आकर मां की आराधना कर सकें और मनवांछित फल की प्राप्ति कर सकें।
मां गंगा की गोद में आबाद मेला रामनगरिया में बह रही भक्ति की बयार
