लकड़ी माफिया ने एक दर्जन नीम व शीशम के पेड़ काटे

वनाधिकारियों की छत्रछाया में पनप रहा लकड़ी कटान का अवैध गोरखधंधा
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। इसे वन्य अधिकारियों का लकड़ी माफिया को संरक्षण कहा जाए तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी, क्योंकि शमशाबाद क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक लकड़ी माफिया एक लंबे समय से सक्रिय हंै और शहर के अलावा ग्रामीण इलाको में हरे भरे वृक्षों को काटकर अच्छी खासी कमाई कर रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है की लकड़ी माफिया जो कभी रात के अंधेरे में हरे भरे वृक्षों को कटवाकर दिन का उजाला होने से पहले ट्रैक्टर ट्रालियों के सहारे ठिकाने लगवा दिया करते थे। आजकल वही लकड़ी माफिया वन्य अधिकारियों के संरक्षण में पेड़ों के अवैध कटान के कार्य को धड़ल्ले से बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं। इसका उदाहरण भी विकास खंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर सैदवाड़ा से अरियारा को जाने वाले चकमार्ग पर ऊषा देवी के खेत में देखने को मिला। बताते हैं यहां लगभग 10 नीम व दो शीशम के पेड़ थे। जिसे लकड़ी माफिया राम किशोरी निवासी किसरोली के द्वारा कटवाकर ठिकाने लगवा दिया गया। बताते हैं जब ग्रामीणों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सूचना मीडिया को दी। जब मीडियाकर्मियों ने मौके पर देखा गया तो वहां 10 नीम के पेड़ व दो शीशम के पेड़ कटे हुए मिले। शमशाबाद क्षेत्र में एक लंबे समय से हरे भरे वृक्षों को बेखौफ होकर लकड़ी माफिया द्वारा कटवाये जाने का कार्य जारी है। यही कारण है वन्य अधिकारियों के संरक्षण से बुलंद हौसलों के साथ लकड़ी माफिया दिन के उजाले में इस अवैध कार्य को अंजाम दे रहे जो एक चिंता का विषय है। वहीं जब लकड़ी माफिया से पेड़ों को काटने के संबंध में जानकारी की गई, तो उसने बताया कि हम लोग लकड़ी काटते हैं उसमें वन विभाग व पुलिस मेरा सहयोग करती है। इसके एवज में हम उनको 40 परसेंट कमीशन के तौर पर देते हैं। आप मेरा कुछ नहीं कर पाओगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *