पीडि़त ने घटना के संबंध में पुलिस को दी तहरीर
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरों ने दुकान के पीछे से नकब लगाकर हजारों की नकदी व सामान चोरी कर लिया। पीडि़त ने पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही करने की मांग की।
शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गढिय़ा हैवतपुर निवासी जमीर अहमद पुत्र शकिर अहमद का जनरल स्टोर गांव पाती नगला चौराहे के पास है। पीडि़त के अनुसार दुकान में जनरल स्टोर के साथ कपड़े का भी कारोबार करता है। बीते दिवस की रात्रि अज्ञात चोरों द्वारा पहले शटर का ताला तोडऩे का प्रयास किया गया।

एक ताला टूट गया, लेकिन दूसरा नहीं। थक हारकर अज्ञात चोरों ने पिछवाड़े दीवार में नकब लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया गया है जिस वक्त अज्ञात चोर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे उसी दौरान किसी के आने की आहट हुई। जिस पर अज्ञात चोर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी जनरल स्टोर स्वामी को उस वक्त हुई जब वह सुबह दुकान खोलने पहुंचा और जब ताला टूटा देखा, तो उसके होश उड़ गए। पीडि़त दुकानदार के अनुसार अज्ञात चोरों द्वारा शटर के दूसरे ताले को तोडऩे का प्रयास किया गया। न टूटने पर पीछे की दीवार में नकब लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। अंदर नकब की जानकारी तब हुई जब दुकान का शटर खोला गया। चोरी की घटना की सूचना पर मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गयी। पीडि़त ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चौकी प्रभारी चिलसरा को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
