
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरों ने बीती रात आतिशबाजी की दुकान में नकब लगाकर हजारों की नकदी पार कर दी। घटना के दौरान चोर सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट के अंतर्गत सातनपुर गांव के किनारे आनन्द कपूर निवासी रेलवे रोड़ की कपूर फायर बक्र्स के नाम से अतिशबाजी की दुकान है। गुरुवार की बीती रात वह दुकान बंद कर घर चले गये थे। शुक्रवार सुबह वह अपने चचेरे भाई गोल्ड कपूर के साथ सुबह ८ बजे जब दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर खोलकर जब वह अंदर गये, तो शटर के ताले टूटे पड़े थे। चोर दुकान के पीछे खड़े आम के पेड़ के सहारे चढक़र दुकान की दूसरी मंजिल पर आये और उसके बाद जीने की दीवार में नकब लगाकर दुकान के भीतर प्रवेश किया। भीतर शटर के ताले तोडक़र दुकान की गुल्लक में रखे बिक्री के 43 हजार रूपये, 3 हजार खुले रूपये व 1200 रूपये की रेजगारी लेकर चम्पत हो गये। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पंहुची और जांच पड़ताल की। बताते चलें कि तीन साल पूर्व २१ अक्टूबर २०२० को भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
