समृद्धि न्यूज। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला चम्पत मार्ग पर बहादुर नगला अंदर के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, सीओ अजय वर्मा तथा कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला भी पहुंचे। मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर विक्रम नाम का टैटू तथा बाएं हाथ पर ओम का टैटू गुदा हुआ है। मृतक फिरोजी रंग की जॉकी अंडरवियर, हल्की चेकदार लाइट पिंक रंग की शर्ट, काले व सफेद रंग की लाइनदार गर्म टी-शर्ट, हल्के ग्रे रंग की लाइन वाली शर्ट, बदामी रंग की पैंट और ब्राउन रंग की बेल्ट पहन रखी थी। एक पैर में काला जूता है। शव की गर्दन पर रस्सी या तार से गला घोंटने जैसा काला निशान तथा मुंह से खून नि कलने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किये। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि शव कहीं और से लाकर यहां फेंके जाने की आशंका प्रतीत हो रही है। शव की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
