सैफई, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला सेऊ में गुरुवार रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के पीछे से नकब लगाकर कमरे में दाखिल हुए और वहां रखे बक्से को खेत में फेंककर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य आंगन में सो रहे थे।
पीड़ित अनिल कुमार यादव ने बताया कि उनका घर गांव से लगभग 300 मीटर दूर खेतों में स्थित है। पास में ही उनके परिवार के दो अन्य मकान भी बने हुए हैं। अनिल ने बताया कि उनके पिता छबिराम सिंह हैं। उनका बड़ा भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर हाथरस में तैनात है और ड्यूटी पर गया हुआ था। उसकी पत्नी गांव में चल रही भागवत कथा सुनने के लिए इन दिनों घर आई हुई थी।
गुरुवार रात अनिल भी भागवत कथा सुनने गए थे और देर रात करीब 12 बजे लौटे। घर में उनकी पत्नी, भाभी, मां और पिता सभी आंगन में चारपाई पर सो रहे थे। शुक्रवार सुबह नींद खुलने पर कमरे की अलमारी का कुंडा टूटा मिला और पीछे नकब लगा हुआ दिखाई दिया। कमरे से बक्से गायब थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए तो वहां टूटा हुआ बक्सा पड़ा मिला। बक्सा खुला हुआ था और पास में कुछ सामान बिखरा पड़ा था, जबकि नकदी और जेवरात गायब थे। पीड़ित अनिल कुमार पुत्र छबिराम सिंह ने बताया कि बक्से में करीब 8 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 1.30 लाख रुपये नगद रखे थे, जो चोरी हो गए।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश शर्मा और निरीक्षक तेज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गांव में कथा के चलते अधिकांश लोग देर रात तक बाहर थे, जिससे चोरों को वारदात को अंजाम देने का मौका मिल गया। पीड़ित ने चोरी गए सामान की सूची पुलिस को सौंप दी है।
घर के पीछे नकब लगाकर चोरों ने उड़ाए नकदी और जेवरात
