पिज्जा प्वाइंट में चोरों ने की जमकर तोडफ़ोड़, हजारों का सामान किया पार

चोर का सीसीटीवी में कैद हुआ वीडियो, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज।
शमशाबाद क्षेत्र में अज्ञात चोरों का कहर जारी है। अज्ञात चोर कहीं न कहीं चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर जहां एक ओर आम लोगों के लिए मुसीबतों का कारण बने हुए हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन के लिए भी मुश्किलों का कारण बने हुए हैं। व्यवसायिक क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से दुकानों के अंदर सीसीटीवी केमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद भी अज्ञात चोर बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में शमशाबाद नगर के मोहल्ला गढ़ी निवासी अनीश खाँ का नगर के मोहल्ला इमली दरवाजा पूर्व माध्यमिक विद्यालय के निकट पिज्जा प्वाइंट सेंटर है। बीते दिवस की रात्रि अज्ञात चोर दीवार के सहारे अंदर दाखिल हुए।

बताया गया जब विक्रेता को अंदर अज्ञात चोरों की दस्तक महसूस हुई, तो उसने परिजनों के साथ अज्ञात चोर को पकडऩे की कोशिश की। मगर शातिर चोर चोरी की घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। पीडि़त के अनुसार अज्ञात चोर ने दो कैमरे तोड़ दिए। बिजली के मीटर को भी तोड़ दिया। एक मोटरसाइकिल स्प्लेंडर जिसे गिराकर तोडफ़ोड़ की गई। साथ ही पिज्जा प्वाइंट के अंदर कीमती लाइटों को भी फोड़ दिया गया। तोड़े गए सीसीटीवी कैमरे भी अज्ञात चोर ले गए। पीडि़त विक्रेता के अनुसार चोरों ने लगभग 40 से 50 हजार की चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की। पीडि़त ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर पुलिस का कहना था चोरी की घटना में अज्ञात चोर सीसीटीवी में कैद हुआ है। शिनाख्त के जरिए चोर को पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *