फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। किरायेदार के मकान का ताला तोडक़र चोरों ने नकदी व जेवरात चुरा लिये। पीडि़त ने थाना पुलिस को तहरीर दी है। जानकारी के अनुसार सरोज पुत्र फिरोज मूल रूप से अमेठी जदीद थाना कादरी गेट का निवासी है। वह पिछले दो महीने से शमशेर खानी मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था। उसकी ससुराल भी पास में ही है। सरोज ने बताया कि घटना के दिन उसकी पत्नी और बच्चे अपने सास-ससुर के साथ मदार साहब के मेले में गए थे। शाम को जब वह घर लौटा, तो उसने खाना खाया। बाद में उसका साला गुलशन आया और उसे अपने घर (ससुराल) सोने के लिए बुला लिया, क्योंकि घर में कोई नहीं था। सुबह जब सरोज वापस अपने किराए के मकान पर आया, तो उसने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर कमरे का ताला भी टूटा मिला। अलमारी का लॉक खुला था और उसमें रखे रुपये व जेवरात गायब थे। सरोज के अनुसार उसकी पत्नी के आने के बाद ही चोरी हुए जेवरात का सही विवरण पता चलेगा। हालांकि उसने बताया कि उसके साले से बात करने पर पता चला कि अलमारी में 50-55 हजार रुपये नगद रखे थे जो चोरी हो गए हैं। इस मामले में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने जानकारी दी कि उन्हें चोरी की घटना का प्रार्थना पत्र मिला है। पुलिस टीम मौके पर जाकर जांच कर चुकी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोरों ने किरायेदार के मकान का ताला तोडक़र उड़ायी नकदी व जेवरात
