चोरों ने शटर तोडक़र सर्राफा दुकान से उड़ाये लाखों के जेवर व नकदी

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शातिर चोरों ने शटर तोडक़र सर्राफा दुकान से लाखों के जेवरात व नकदी चोरी कर ली। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है। चोरी की घटना से व्यापारियों में रोष है।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के राठौरा बाजार में काशीराम कॉलोनी निवासी अमन वर्मा की सर्राफा की दुकान है। मंगलवार को शाम वह दुकान बंद कर घर चले गये थे। रात में शातिर चोरों ने किसी समय दुकान का शटर तोडक़र लाखों के जेवरात व नकदी पार कर दी। सुबह दुकान मालिक शिवजीत सिंह ने जब दुकान का शटर टूटा देखा, तो उन्होंने घटना की सूचना अमन वर्मा को दी। जिस पर तुरंत अमन वर्मा मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अनिल सिकरवार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। चोरी की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र करवाए। पुलिस ने दुकान में लगे डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया गया है कि घटना के समय दुकान के सभी सीसीटीवी कैमरे बंद थे और बिजली की एमसीबी भी गिरी हुई थी। अमन वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है। अमन वर्मा के अनुसार चोर लगभग 5 किलोग्राम चांदी, 20 ग्राम सोने के जेवरात और लॉकर में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद ले गए। फॉरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में दुकान में तोडफ़ोड़ के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने लॉकर की चाबी का इस्तेमाल कर सामान निकाला होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *