Headlines

आढ़त गोदाम से चोरों ने दस बोरा सरसों व नकदी की पार.

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। आढ़त गोदाम की दीवार में लगे ग्रिल को तोड़कर अज्ञात चोरों ने 2000 की नगदी तथा हजारों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी के बाद गोदाम स्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की।
जानकारी के अनुसार शमसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मुरहठी निवासी संजीव कुमार पुत्र शिवरतन सिंह की आढ़त व गोदाम फैजबाग शमसाबाद मार्ग पर स्थित है। बीते दिवस की रात्रि अज्ञात चोरों द्वारा आढ़त की दीवार में लगे ग्रिल की सरियों को तोड़कर गोलक में रखी नगदी तथा हजारों का माल पर दिया। पीडि़त के अनुसार संजीव कुमार की फैजबाग शमसाबाद मार्ग पर स्थित मोहल्ला खानपुर मंडी जहां आढ़़त व गोदाम है। साथ ही अंदर आटा चक्की भी है। यहां अनाज आदि की खरीददारी भी करता है। बीते दिवस की रात्रि अज्ञात चोरों ने गोदाम की दीवार में लगे ग्रिल की सरियों को तोड़कर अंदर दाखिल हुए और चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की जानकारी सुबह के वक्त हुई। आवागमन के दौरान जब लोगों ने घटना देखी, तो सूचना गोदाम स्वामी को दी। सूचना मिलने के बाद गोदाम स्वामी मौके पर पहुंचे और अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना शमसाबाद थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। गोदाम स्वामी के अनुसार खरीद-फरोख्त के दौरान उसने 10 बोरा सरसों की खरीदारी की थी, जो गोदाम के अंदर रखी हुई थी। अज्ञात चोरों ने गोलक से दो हजार की नकदी पार करने के साथ-साथ सरसों भी पार कर दी। पीडि़त गोदाम स्वामी के अनुसार अज्ञात चोरों द्वारा ग्रिल तोड़कर की गई चोरी की घटना में लगभग 28 हजार रूपये का नुकसान हुआ। गोदाम स्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *