फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना कादरीगेट क्षेत्र में स्थित धुलाई केंद्र का ताला तोडक़र चोर हजारों रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गये। घटना की जानकारी होने पर धुलाई केंद्र के संचालक ने थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट के मोहल्ला कछियाना निवासी अवधेश पुत्र रामेश्वर दयाल की खाटू श्याम धुलाई केंद्र के नाम से कादरीगेट पांचाल मार्ग पर एक गेस्ट हाउस के पास दुकान है। गुरुवार की रात दुकान के बगल में एक कोठरी बनी है। जिसमें अवधेश सो रहे थे और दूसरे हिस्से में धुलाई केंद्र से संबंधित उपकरण लगे हुए है। चोरों ने जिस हिस्से में दुकान मालिक सो रहे थे बाहर से कुण्डी लगा दी और धुलाई केंद्र से दो मोटर, एक मशीन व आदि कीमती सामान चोरी कर ले गये। सुबह जब आंख खुली तो देखा कि दरवाजा नहीं खुल रहा है। संदेशा हुआ शायद किसी ने बाहर से बंद कर दिया और अपने पुत्र शोभित वर्मा को फोन कर बताया कि दरवाजा बाहर से बंद है। जब वह आया तो उसने देखा कि धुलाई केंद्र से चोरी हो गयी है। कुण्डी खोलकर अपने पिता को बाहर निकाला और फिर डायल ११२ को सूचना दी। मौके पर पहुंची ११२ पुलिस पीडि़त को अपने साथ थाना कादरीगेट ले गयी। जहां अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित तहरीर दी। हल्का इंचार्ज कृष्णा कश्यप अपने हमराह अंकुश देशवाल के साथ पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। पीडि़त ने बताया कि लगभग ८ माह पूर्व भी इसी तरह से चोरी हो चुकी है। उसकी भी तहरीर दी थी, लेकिन उस घटना में पुलिस ने आज तक कोई कार्यवाही नहीं की है।
चोरों ने दुकान मालिक को बंद कर धुलाई केंद्र से हजारों का सामान किया पार
