मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गये हैं कि उन्हें पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा है, तभी तो पुलिस पिकेट से सौ कदम की दूरी पर चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों की नकदी व सामान साफ कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

जानकारी के अनुसार बीती रात चोरों ने इटावा-बरेली हाईवे पर पुलिस पिकेट से 100 मीटर की दूरी पर दो दुकानों को बनाया निशाना। जिसमें खान टायर्स की दुकान से लगभग 43000 का सामान व 5000 की नगदी चोरी कर ली।, जबकि भारतीय बैंड की दुकान से लगभग 1 लाख का सामान चोरी कर लिया। मोहल्ला किदवई नगर निवासी खान टायर्स दुकान के मालिक अली खान ने बताया कि चोर 23 बाइक के टायर और ट्रैक्टर के टायर की ट्यूब 12 पीस चोरी कर ले गये। जिसकी कीमत लगभग 43000 रुपए है। वहीं भारतीय बैंड दुकान के मालिक रमिया नगला निवासी हबलदार सिंह ने बताया कि चोर उनकी दुकान से चार ब्रास, दो तरमपट, चार माइक, एक मशीन आहूजा 500 वॉट तथा 70 एलईडी बल्ब चोरी करके ले गए है जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपए है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। चोरी की इस घटना से दुकानदारों में दहशत का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानों से सौ मीटर की दूरी पर पुलिस पिकेट करती है, उसके बाद भी चोरी हो गयी। जिससे दुकानदारों में पुलिस के प्रति रोष देखा गया। पीडि़त दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर देकर चोरियों का खुलासा किये जाने की मांग की है।
