बिना हेलमेट के पेट्रोल लेने वालों की अब खैर नहीं, एआरटीओ विभाग हुआ सख्त

पेट्रोल पम्प पर चेकिंग कर 22 वाहनों का किया गया चालान, 1.80 लाख का जुर्माना
पांच वाहन भी किये गये सीज, अधिकारियों को देखकर भागे बाइक सवार
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नो हेलमेट नो पेट्रोल के आदेश का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग एक्शन मोड में दिखायी दिया। सख्ती के चलते पूरे दिन दोपहिया वाहन चालकों में हडक़ंप मचा रहा।
गुरुवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों ने फतेहगढ़ पुलिस व क्षेत्राधिकारी के साथ मिलकर संयुक्त रुप से फतेहगढ़ स्थित कुमार पेट्रोल पम्प से इस आदेश का कड़ाई से पालन कराने के लिए चेकिंग अभियान शुरु किया। कुछ देर दोपहिया वाहन चालक समझ नहीं पाये और फिर समझ में आया तो कोई गली से लेकर तो कोई पीछे ही लौटता दिखायी दिया। परिवहन विभाग के एआरटीओ प्रशासन वीएन चौधरी, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय व फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी की संयुक्त टीम के साथ मिलकर चेकिंग शुरु की। पेट्रोल पम्प पर पहुंचते ही कई वाहन चालक बिना हेलमेट के पेट्रोल लेते दिखायी दिये। जिन्हें रोककर पूछताछ की कि हेलमेट क्यों नहीं है। न हेलमेट लगाने का जबाव दे पाये और न ही कोई कागज दिखा पाये। जिस पर उनका चालान किया गया। इस दौरान कुमार पेट्रोल पम्प के संचालनकर्ता को भी हिदायत दी कि जब सरकार ने आदेश दिया है कि बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दिया जायेगा तो आपकी भी जिम्मेदारी बनती है कि इस आदेश का पालन कराने के लिए लोगों को समझाये। इस पर पेट्रोल पंप के संचालनकर्ता ने अधिकारियों को बताया कि वाहन चालक तर्क-वितर्क व झगड़े पर अमादा हो जाते हैं। पम्प पर दोपहिया वाहनों की चेकिंग के दौरान 22 वाहनों का चालान किया गया। जिन पर 1 लाख 80  हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

इस दौरान कई लोग मौका पाकर बाइक लेकर भाग गये। जिस समय पेट्रोल पम्प पर परिवहन विभाग के अधिकारी दोपहिया वाहनों की जांच कर रहे थे उस समय एक भाजपा नेता भी अपनी कार से पेट्रोल पम्प पर तेल डलवाने आये, वह सीट बेल्ट नहीं लगाये थे। जैसे ही पता लगा की चेकिंग हो रही है तो उन्होंने अपनी कार पीछे कर ली। हालांकि अधिकारियों ने भी भाजपा का झंडा देखकर उन्हें अनदेखा कर दिया। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि वाहन चेकिंग का अभियान निरंतर जारी है। इसके साथ हम कैमरा चालन भी कर रहे हैं। कैमरे से चलते वाहन की फोटो खींच ली जाती है और फिर उनका चालान कर दिया जाता है। एक महीने में लगभग 350  से 400 चालान हो रहे हंै। इससे 20 लाख रुपये तक राजस्व बढ़ोत्तरी हो रही है। कैमरा चालान लगभग तीन साल से चलाया जा रहा है। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि सुबह के समय भी चेकिंग अभियान चलाया गया था। जिसमें पांच वाहन सीज किये गये थे। जिसमें से 3 वाहन बिना फिटनेस के और दो वाहन बिना टैक्स के। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट अपनी सुरक्षा व अपने परिवार की खुशी के लिए लगाना चाहिए। चेकिंग अभियान के दौरान फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी के अलावा एआरटीओ विभाग के कांस्टेबिल संजीव शर्मा व अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

बच्चे की जान जोखिम में डाल बाइक से जाते दिखे दंपति

फर्रुखाबाद। माता पिता अपने बच्चों के प्रति कितने लापरवाह है, इसका नजारा गुरुवार को देखने को मिला। जब बाइक सवार दंपति अपने बच्चे को बीच में खड़ा कर बाइक से जाते दिखे। हुआ यूं कि दोपहर में फतेहगढ़ चौराहा स्थित एक पेट्रोल पम्प पर नो हेलमेट नो पेट्रोल के तहत परिवहन विभाग के अधिकारी व सीओ सिटी चेकिंग अभियान चला रहे थे, तभी एक बाइक सवार जो अपने बच्चे को बीच में सीट पर खड़ा किये थे तथा उसके पीछेेेे उसकी पत्नी बैठी थी, पेट्रोल डलवाने के लिए पेट्रोल पम्प की ओर बढ़ा, तभी वहां पुलिस फोर्स को देखकर वह घबरा गया और बिना पेट्रोल डलवाये ही गाड़ी भगा ले गया। हालांकि पुलिसकर्मियों ने उसे बुलाया, लेकिन वह नहीं आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *