नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बीती रात चोरों ने विद्यालय सहित दो स्थानों से हजारों की चोरी कर ली। घटना के संबंध में थाना पुलिस को तहरीरें दी गयी हैं। पुलिस ने मौका मुआयना कर जल्द घटना का खुलासा करने की बात कही।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव घमुइया रसूलपुर निवासी विवेक कुमार पुत्र महादेव ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बीती शाम वह अपने खेत में लगी समरसेबिल पंप को ताला बंद कर घर चला आया था। इसके बाद रात में किसी समय अज्ञात चोरों ने समरसेबिल पंप के कमरे में लगे ताले को तोडक़र उसमें रखीं चार कुर्सी, ट्रैक्टर की पटियां के अलावा घर में खड़े ट्रैक्टर का डीजल भी अज्ञात चोर निकल ले गए। जब पीडि़त सुबह जागा, तो ताला टूटने की उसे जानकारी हुई। उसने मौके पर जाकर देखा तो सारा सामान गायब था। काफी खोजबीन करने पर पता नहीं चला। तब पीडि़त थाने पहुंचा और थाना पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
दूसरी घटना में गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार ने सहायक अध्यापक तथा प्रधान के साथ जाकर थाना पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि बीती शनिवार को वह रोजाना की भांति पठन-पाठन का कार्य निपटाकर अपने विद्यालय का ताला बंद कर घर चले गए थे, तभी बीते रात किसी समय अज्ञात चोरों ने विद्यालय, ऑफिस के ताले तोडक़र ऑफिस में लगा एक पंखा, तीन कुर्सी, योग किट, माईक, पीटी करने वाली किट तथा ऑफिस के अभिलेख चोर चुरा ले गए। जब सुबह विद्यालय के रसोईया स्कूल पहुंचे, तो उन्होंने विद्यालय के ताले टूटे देखे। जिसकी सूचना उन्होंने प्रधानाध्यापक राजीव कुमार को दी। मौके पर पहुंचे प्रधानाध्यापक राजीव कुमार ने घटना की सूचना सहायक अध्यापक अरुण कुमार को दी। खोजबीन की गयी, तो दो रजिस्टर स्कूल के बरामदे में खिडक़ी के सहारे पड़े मिले। प्रधानाध्यापक ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान मिलन गंगवार को दी। प्रधानाध्यापक ने ग्राम प्रधान के साथ थाने पहुंचकर घटना के संबंध में पुलिस को अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना पुलिस के दरोगा अभिलाष सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
विद्यालय सहित दो स्थानों से हजारों की चोरी
