मैनपुरी: कूड़ा विवाद में हुई हत्या में शिक्षक व पिता गिरफ्तार, पुलिसकर्मी सहित तीन फरार

मैनपुरी, समृद्धि न्यूज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगरूपपुर में छह सितंबर को हुए गोलीकांड में गोली लगने से घायल हुए युवक ने भी उपचार के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिक्षक और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है जबकि पुलिसकर्मी भाई सहित तीन आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, जगरूपपुर क्षेत्र में कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत और एक घायल होने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी भूदेव पुत्र बीरबल और उसके पुत्र अवनीश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस हत्या मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिसकर्मी भाई सहित तीन आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल 32 बोर, लाइसेंसी रिपीटर बंदूक, दो जिंदा कारतूस 32 बोर और दो जिंदा कारतूस रिपीटर 12 बोर बरामद किए हैं। इसके अलावा घटनास्थल से खोखा कारतूस 12 बोर भी जब्त किए गए हैं।
बताते चले कि विवाद कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ था। इसी दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जगरूपपुर निवासी 35 वर्षीय योगेंद्र सिंह का शनिवार सुबह दरवाजे पर कूड़ा डालने को लेकर पड़ोसी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भूदेव सिंह से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान भूदेव के शिक्षक पुत्र अवनीश ने ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने में भूदेव का पुत्र अजीत उर्फ जीतू जो कासगंज में सिपाही के पद पर तैनात है वह भी शामिल था। गोली लगने से योगेंद्र की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी। जबकि उनका भतीजा विनय सहित चार लोग गोली लगने से घायल हो गया था। विनय की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई सैफई के लिए रेफर कर दिया। स्वाट टीम प्रभारी जितेंद्र चंदेल और कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने सूचना पर नगर के सिंधिया तिराहे पर कहीं जाने की फिराक में खड़े हत्यारोपित शिक्षक अवनीश राजपूत और उसके पिता भूदेव को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बची हुई आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *