कायमगंज, समृद्धि न्यूज। अपराध एव अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में कोतवाली कायमगंज पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर अवैध असलहा रखने के आरोप में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पहला मामला नगर के मोहल्ला मेहंदीबाग का है। महिला दरोगा सुधा पाल अपने हमराह पुष्पेन्द्र, रोहित सहित पुलिस की टीम के साथ दबिश देकर किराये के मकान में रह रही महिला प्रियंका उर्फ प्रेमिका पत्नी धर्मपाल को पकड़ा। तलाशी में कमरे की अलमारी से एक तमंचा 315 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि असलहा उसके पिता रतीभान निवासी छिबरामऊ जनपद कन्नौज और पति धर्मपाल मूल निवासी रानीपुर गौर ने सुरक्षा की नीयत से रखा था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आम्र्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर महिला को जेल भेज दिया। दूसरा मामला ग्राम रानीपुर गौर का है। मंगलवार तडक़े मुखबिर की सूचना पर रानीपुर ग़ौर गांव में पुलिस ने चेकिंग के दौरान छापेमारी कर प्रथ्वीराज और रानी यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम जब उनके मकान पहुंची तो आरोपियों ने भूसे के ढेर से छिपाकर रखा तमंचा और 11 जिंदा कारतूस निकालकर पुलिस को सौंप दिए। दोनों के खिलाफ भी आम्र्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
