इनवर्टर के करंट से हुई बेटा-बेटी की मौत के तीन दिन बाद सदमे से मां ने भी तोड़ा दम

कन्नौज/जलालाबाद, समृद्धि न्यूज़। क्षेत्र के गांव नेकपुर कायस्थ में 20 अगस्त को बिजली के करंट से दिनेश चन्द्र जाटव के 19 वर्षीय पुत्र शनि और 17 वर्षीय पुत्री नेहा की मौत हो गई थी। दोनों भाई-बहन घर में इनवर्टर में प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आ गए थे।

अचानक हुई इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। माता नेमा देवी, जो मिरगावा में आंगनवाड़ी कार्यकत्री थीं, इस घटना से गहरा सदमा लगा। उनके पति दिनेश चन्द्र जाटव, जो नेपाल में प्राइवेट नौकरी करते हैं, घटना के बाद घर लौटकर परिवार को संभालने पहुंचे। और दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक बच्चों की मां नेमा देवी की तबियत अचानक बिगड़ गई और उनका इलाज  कन्नौज के निजी अस्पताल में चल रहा था। शनिवार को हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार शाम करीब 5 बजे नेमा देवी ने भी दम तोड़ दिया। माँ के निधन की खबर सुनते ही बेटी काजल का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।  ग्रामीणों ने बताया कि शनि और नेहा पढ़ाई के साथ घर के कामों में भी माता-पिता की मदद किया करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक साथ परिवार में तीन-तीन मौत हो जाने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी व सत्ता पक्ष का कोई भी पीड़ित परिजनों से मिलने तक नहीं पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *