डंपर की टक्कर से ऑटो सवार तीन की मौत, पांच घायल

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। अजगैन-मोहन रोड पर ग्राम धाराखेड़ा मजरा मकूर के पास भारत गैस एजेंसी के सामने तेज रफ्तार डंपर और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार ऑटो अजगैन की ओर से आ रहा था और डंपर मोहन रोड की तरफ जा रहा था। अचानक तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को बचाने का प्रयास किया।
हादसे में मृतकों की पहचान इस रमाशंकर (45) वर्ष पुत्र राजपाल, पीतांबर नगर, पुत्तीलाल (42) वर्ष पुत्र रामनरेश, मद्दूखेड़ा, और एक अज्ञात व्यक्ति लगभग 30 वर्ष। मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। घायलों में मोहम्मद आमीन (34) पुत्र जमील, राजेश कुमार पुत्र राजू प्रताप, लाला पुत्र रामचरन, विमलेश पुत्र बनवारी और संजय कुमार शामिल हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की
सूचना पर क्षेत्राधिकारी हसनगंज अरविंद चौरसिया, थाना अजगैन पुलिस और पीआरवी 8023 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज में भर्ती कराया है। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद आमीन को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और क्षतिग्रस्त वाहन सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। डंपर चालक हादसे के बाद फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोग प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *