हरदोई, समृद्धि न्यूज। बीती रात लखनऊ रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में दो युवकों सहित 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।जबकि एक मृत युवक के परिवार की तीन महिलाएं भी घायल हुई हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगदिया गांव निवासी सोनेलाल 22 वर्ष और उसका पड़ोसी राजन 22 वर्ष दोनों एक साथ मजदूरी का काम करते हैं।वह दोनों शहर के बाबा मंदिर के पास हो रहे निर्माण कार्य में मजदूरी करके दोनों देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे,तथा बाइक सोनेलाल चला रहा था।
इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रही दूसरी बाइक पर बघौली थाना क्षेत्र के पेड़वा गांव के आदित्य 25 वर्ष अपनी मां मुन्नी देवी 55 वर्ष,भाभी सरोजनी 27 वर्ष और भतीजी शिवांशी 2.5 वर्ष बैठी हुई थी। रात के समय लखनऊ रोड पर पराग डेयरी के पास दोनों बाइक आपस में टकरा गईं।हादसे में आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सोनेलाल और राजन को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल मुन्नी देवी,सरोजनी और शिवांशी को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।सोनेलाल चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था,जबकि राजन छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि मृत राजन,सोनेलाल तथा आदित्य के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
