फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। व्यापारी को विश्वास में लेकर सामान खरीद कर ठगी करने वाले र्गैंग के 03 सदस्यों को थाना कादरीगेट पुलिस व स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर जनपद गाजियाबाद के न्यू पंचवटी कालोनी कोतवाली घण्टाघर से 36 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 23 व 31 मई के मध्य थाना कादरीगेट क्षेत्र से कुछ व्यापारियों से अज्ञात लोगों द्वारा सामान खरीदा गया था। पहले 28 व 29 मई को सामान खरीदकर व्यापारियों को उनका पैसा दे दिया गया और जब व्यापारियों को विश्वास हो गया तो 31 मई को पुन: 9 व्यापारियों से लगभग 4 लाख का सामान खरीदा गया और कल रुपये देने की बात कहकर आरोपीगण फरार हो गये। जिसके संबंध में थाना कादरीगेट पुलिस ने धारा 420 व 406 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। मुखबिर की सूचना पर कादरीगेट प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह व एसओजी टीम प्रभारी जितेन्द्र पटेल तथा सर्विलांस टीम प्रभारी विशेष कुमार ने अपनी टीम के साथ जनपद गाजियाबाद के न्यू पंचवटी कालोनी कोतवाली घण्टाघर से हरीश वर्मा पुत्र राजकुमार निवासी ए362 न्यू पंचवटी कालोनी को0 घण्टाघर, नूर आलम खान पुत्र नूर मिया खान निवासी मदनी नगर थाना शुक्लागंज उन्नाव व हाल पता फैतपुलगंज कानपुर, मो0 अरकान पुत्र मो0 इदरीश निवासी मदनी नगर थाना शुक्लागंज उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही से खरीदा गया सामान व 49500 रुपये की नगदी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि हम तीनों लोग अनुज वर्मा के साथ मिलकर बड़े शहर जाकर फर्जी नाम से किराये पर दुकान लेते है और आसपास के व्यापारियों से पहले बड़ी मात्रा में सामान खरीद लेते है। जब व्यापारियों को हम पर विश्वास हो जाता है तो हम लोग काफी कीमत का सामान खरीद लेते है और सामान के पैसे अगले दिन देने की बात कहकर हम सामान लेकर प्राइवेट वाहन से भरकर दुकान खाली कर भाग जाते है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
व्यापारियों से ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
