लखनऊ। गाजीपुर थाना क्षेत्र के बस्तौली गांव में तीन साल की मासूम लक्ष्मी के सिर में गोली लग गई। परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है।
पिता रमेश ने बताया कि उनकी बेटी लक्ष्मी अपने भाई सौभाग्य और हिमांश के साथ खेल रही थी, तभी अचानक एक तेज आवाज हुई। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी दौड़े आए। पुत्री के सिर से खून बह रहा है। बच्ची के साथ खेल रहे दोनों भाई भी रोने लगे थे। परिजनों ने आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहाँ डॉक्टरों ने बाहरी चोट समझकर उसके सिर पर टांके लगा दिए, लेकिन रात में जब लक्ष्मी की हालत बिगडऩे लगी, तो उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाना पड़ा। लोहिया अस्पताल में जांच के बाद पता चला कि बच्ची के सिर में एक गोली फंसी हुई है। अस्पताल से उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहाँ सीटी स्कैन के बाद डॉक्टरों ने 5 घंटे लंबे एक जोखिम भरे ऑपरेशन के बाद उसके सिर से गोली निकाली। डॉक्टरों का कहना है कि गोली पहले टिन शेड से होकर आई थी, जिससे उसकी रफ्तार कम हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक गोली लगने के कारण का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, न ही गोली किसने चलाई या गोली कहां से आई, यह भी साफ नहीं है। पूरे इलाके में इस घटना से सनसनी फैल गई है।
लखनऊ: छत पर खेल रही तीन वर्षीय मासूम के लगी गोली, भर्ती
