एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में शहर और देहात की पुलिस ने किया ‘जानलेवा हमले’ तथा ‘हत्या कर शव फेंके जाने’ की सनसनीखेज घटना खुलासा
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। जिला पुलिस के लिए गुरुवार का दिन ‘बेस्ट गुड वर्क’ के नाम रहा।इस ‘गुड वर्क’ में कोतवाली नगर पुलिस ने एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी के नेतृत्व में तथा थाना हैदरगंज पुलिस ने एसपी ग्रामीण बलवंत कुमार चौधरी के नेतृत्व में क्रमशः पत्रकार पर जानलेवा हमला तथा अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव फेंके जाने की घटना का खुलासा कर दिया है।इन दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त किए गए सामानों को बरामद करने का दावा किया है।
पत्रकार पर जानलेवा हमला की घटना का खुलासा,तीन अभियुक्त गिरफ्तार
कोतवाली नगर पुलिस ने बीते दिनों शहर के वजीरगंज इलाके में एक हिंदी दैनिक पत्रकार राममूर्ति यादव पर किए गए जानलेवा हमले की घटना का गुरुवार को खुलासा कर दिया।पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर हमले में प्रयुक्त की गई लोहे की राड व चार पहिया वाहन बरामद किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर द्वारा अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के अन्तर्गत एवं पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा बुधवार की देर रात निकट अफीम कोठी के पीछे परिक्रमा मार्ग से अभियुक्त आफताब उर्फ राजा बाबू, महफूज आलम व उमेश चौहान उर्फ बादल को घटना में प्रयुक्त वाहन स्वीफ्ट कार तथा एक लोहे की पाइप व दो बांस के डण्डें के साथ गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना व संकलित साक्ष्यों सीसीटीवी फुटेज आदि से अभियुक्त गौरव पाण्डेय,उमेश चौहान उर्फ बादल,आफताब उर्फ राजाबाबू,महफूज आलम, अल्ताफ रजा उर्फ बाबू तथा सूफियान उर्फ लकी का नाम प्रकाश में आया था।बताया गया कि बीती 30 अप्रैल को ग्राम मिर्जापुर माफी में अभियुक्त गौरव पाण्डेय के साथ मारपीट की घटना हुई थी जिसके संबध में अभियुक्त गौरव पाण्डेय ने पत्रकार राममूर्ति यादव व शंकर यादव आदि के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कराया था।मारपीट की घटना से कुण्ठित होकर बदला लेने के लिये गौरव पाण्डेय व उपरोक्त द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर षड़यंत्र रच कर यह घटना कारित की गयी है।
ऑपरेशन त्रिनेत्र व इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों से 24 घण्टे के अन्दर किया गया हत्या का खुलासा
इस मामले में बीती तीन दिसंबर की सुबह थाना हैदरगंज पुलिस को सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति का शव ग्राम सभा मऊ विसुही नदी मे दिखायी दिया है।इस सूचना पर पहुंच कर उच्चाधिकारियो द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर तीन टीमों का गठन किया गया तथा शव की फोटो को जब वाट्सअप ग्रुप व आपरेशन त्रिनेत्र के जरिए लगाये गये कैमरों की मदद से तस्दीक कराईं गई तो मृतक की पहचान यदुनाथ कोरी के रुप मे हुई।मृतक के पुत्र सुरजीत की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत किया गया तथा घटना का सफल अनावरण करते हुए गुरुवार की सुबह घटना मे शामिल रहे अभियुक्त रामकुमार शुक्ला, रामबाबू उर्फ आयुष यादव तथा दिलीप उर्फ चलाकी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ मे अभियुक्तों ने हत्या का आरोप स्वीकार करते हुए बताया कि अभियुक्त रामकुमार शुक्ला को मृतक यदुनाथ द्वारा कुछ दिन पूर्व गंदी गंदी गाली दी गयी थी।इससे नाराज होकर अभियुक्तों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से मृतक को घर से बुलाया गया।उसे अपनी खुद की आटो मे ले जाकर ईंट से कूंच कर हत्या कर दी गयी तथा मृतक को अपने तीन पहिया आटो मे रखकर मऊ ग्राम सभा से न्यूना पूरब ग्राम सभा के बीच मे विसुई नदी पुल से नीचे फेक दिया गया।इन अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना स्थल से एक ईंट,(आला कत्ल) व तीन पहिया आटो बरामद की गई है।
