पीलीभीत में बाघ का आतंक, महिला की मौत, दो घायल

पीलीभीत: बीते कुछ दिन पूर्व न्यूरिया इलाके में दो किसानों पर बाघ ने हमला कर मार डाला था। गुरुवार सुबह दो घंटे के अंतराल में बाघ ने अलग-अलग जगहों पर दो महिलाओं समेत तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इनमें मंडरिया गांव निवासी 50 वर्षीय तृष्णा की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि तृष्णा सुबह खेत की तरफ गयी थी, तभी घात लगाये बैठे बाघ ने हमला कर दिया। ग्रामीणों को उनका शव खेत से बरामद हुआ। इससे 15 मिनट पहले मंडरिया के ही किशोर नीलेश पर बाघ ने हमला किया। नीलेश करीब 10 मिनट तक बाघ से लड़ता रहा। निलेश के चीखने की आवाज सुनकर उनका पड़ोसी दोस्त हरिवंश मौके पर पहुंचा और टाइगर से भिड़ गया। उसने लाठी से टाइगर पर ताबड़तोड़ अटैक किया। जिससे टाइगर जंगल की तरफ भाग गया। घायल नितेश का उपचार अस्पताल में चल रहा है। वहीं गांव फुलहर में किसान दयाराम की जान लेने वाले बाघ ने सहजनिया गांव निवासी मीना (50) पर हमला कर दिया। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे मीना कूड़ा डालने जा रही थी,् तभी गन्ने के खेत से निकले बाघ ने हमला कर उसे दबोच लिया और 20 मीटर तक खींच ले गया। पीछे चल रहे उनके भतीजे ने शोर मचाया तो लोगों ने डंडे और पत्थरों से उस पर हमला किया।हमले से मीना गंभीर घायल हुई है। उनकी पीठ में गहरा घाव हुआ है। घायल अवस्था में उनको सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। एक दिन में टाइगर के हमले को देखते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। आसपास के क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है।

ग्रामीणों ने बनाया वीडियो

सहजनिया और अनवरगंज के खेतों और सडक़ पर घूमते बाघ का ग्रामीणों ने वीडियो भी बनाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में दो बाघ है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यशैली को लेकर रोष है। ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि बाघ की लगातार बढ़ रही चहलकदमी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

उत्तराखंड से बुलाई गयी एक्सपर्ट की टीम

पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि टाइगर अटैक में एक महिला की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। लगातार बढ़ रहे हमलों को देखते हुए बरेली से एक अन्य टीम बुलाई गई है। इसके साथ ही उत्तराखंड से भी एक्सपर्ट की टीम बुलाई गई है। 24 घंटे के अंदर टाइगर को रेस्क्यू करने के निर्देश दिए गए हैं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की टीम ने इलाके में बाघ की दहशत को देखते हुए सूर्य और भीम नाम के दो हाथियों को बुलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *