फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कट्टर कांग्रेसी रहे छात्र नेता को आखिर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया बहन कु0 मायावती का आशीर्वाद मिल ही गया। फर्रुखाबाद लोकसभा से बसपा से टिकट पाने के लिए कई लोग अंदर खाने से प्रयास कर रहे थे। सोमवार को सभी अटकलों पर उस समय विराम लग गया, जब कट्टर कांग्रेसी कहे जाने वाले छात्र नेता क्रांति पाण्डेय का नाम सामने आया। बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने हमारे संवाददाता को बताया कि पार्टी की मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री बहन कुमारी मायावती ने फर्रुखाबाद लोकसभा प्रत्याशी के रुप में छात्र नेता क्रांति पाण्डेय को टिकट दिया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि घोषणा होना बाकी है। पार्टी मुखिया का आशीर्वाद मिलते ही प्रत्याशी को चुनाव पूरी दमदारी से लड़ाया जायेगा। बताते चलें कि क्रांति पाण्डेय खानदानी कांग्रेसी हैं और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के भी खासमखास माने जाते हैं। ब्राह्मणों के अलावा छात्र राजनीति में सक्रिय रहने के चलते युवाओं में उनकी अच्छी पकड़ है। ब्राह्मण प्रत्याशी के उतरने से देखा जाये, तो सबसे ज्यादा भारतीय जनता पार्टी को दर्द होगा। नगर क्षेत्र में अधिकांश ब्राह्मण पहले से ही बसपा के पूर्व मंत्री व सदर विधानसभा से विधायक रहे अंटू मिश्रा के संपर्क में हैं।
भाजपा को दर्द देने के लिए बसपा ने क्रांति पाण्डेय को उतारा मैदान में
