मथुरा: श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी…हे नाथ नारायण वासुदेवाण्ण्। यह ब्रज का आनंद है। हर गली हर सडक़ पर यह भजन भक्ति का रंग बरसा रहा है। हर ब्रजवासी उल्लास में सराबोर है। यह नटवर नागर के 5252वें जन्मोत्सव का उत्साह है। शनिवार को कान्हा का जन्मोत्सव है, लेकिन उससे पहले ही पूरा ब्रज दुल्हन की तरह सजा है।
शनिवार 11:30 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ मथुरा आएंगे। इसके बाद वह 12 बजे कन्हैया के जन्मोत्सव में शामिल होंगे। पूजा अर्चना करने के बाद वह पांचजन्य प्रेक्षागृह में साधु संतों को सम्मानित करेंगे और कई योजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
कृष्ण जन्माष्टमी का शुभ मुहूर्त और पूजन विधि
इस वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी व्रत 16 अगस्त को मनायी जाएगी, क्योंकि दिन और रात 10:37 बजे तक अष्टमी होने के कारण कृष्ण अष्टमी व्रत एवं कृष्ण पूजन मध्यरात्रि में किया जाएगा। यहां मिथिलांचल में जयंती व्रत प्रशस्त माना गया है, यानी जिस दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, उसी दिन यहां जयंती व्रत भी मनाया जाता है।
शनिवार रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कंस के कारागार में लाला का प्राकट्य होगा। एक दिन पहले ही शुक्रवार को लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। जन्मस्थान जाने वाले हर रास्ते पर बस भीड़ ही भीड़ है। जन्मस्थान भी अद्भुत रंगों से सजा है। जन्मोत्सव पर ठाकुरजी मेघधनु (इंद्रधनुषी रंग की) पोशाक धारण करेंगे। इसमें नाम के अनुरूप इंद्रधनुष के सातों रंगों का प्रयोग रेशम, जरी, रत्नों के रूप में किया गया है। कंस की कारा (गर्भगृह) को 221 किलो चांदी की परत से सजाया जाएगा। गर्भ गृह में पुष्प बंगला बनेगा। लगभग 51 किलोग्राम चांदी से मां योगमाया मंदिर में सिंहासन, अस्त्र-शस्त्र, पादुकाएं तैयार कराई गई हैं। जन्माष्टमी पर दर्शन को देश विदेश से मथुरा आए श्रद्धालुओं के कदम भी ठहर गए। कहीं मयूर नृत्य था तो कहीं ढोल नगाड़ों की आवाज गूंज रही थी। बांसुरी की धुन पर श्रद्धालुओं के कदम भी झूमने को आतुर हो रहे थे। कई टोली संकीर्तन करते हुए चल रही थी तो कहीं राजस्थानी गुजरियाँ का नृत्य लोगों को आकर्षित करता रहा। बहरूपिए भी अपनी प्रतिभा से लोगों को लुभाते रहे। बीन की आवाज भी लोगों के कानों में रस घोलती रही।
आस्था, आनंद और उमंग का पर्व, पीएम मोदी ने दीं जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, सभी देशवासियों को जन्माष्टमी की असीम शुभकामनाएं। आस्था, आनंद और उमंग का यह पावन-पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे, जय श्रीकृष्ण..
