कायमगंज, समृद्धि न्यूज। गमी में शामिल होने पुत्र के साथ जा रही महिला की बाइक में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे महिला गिर गयी और ट्रैक्टर चालक उसे कुचलता हुआ निकल गया। गंभीर रुप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं इस दुर्घटना में मृतका का पुत्र भी घायल हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना के बाद से ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र से सटे ग्राम पितौरा निवासी सितारा बेगम उम्र 50 वर्षीय पत्नी इनामशेर अपने छोटे बेटे मन्नू के साथ बाइक संख्या-यू.पी.७६एस7653 स्पलेन्डर पर बैठकर बेटे शम्भू की पत्नी नगमा की भान्जी की मौत मे शामिल होने जा रही थी। जैसे ही वह कायमगंज कम्पिल मार्ग कुनवारा पुलिया के पीछे थाना कायमगंज के निकट पहुँची, तभी ट्रैेक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार अधेड़ महिला उछलकर रोड पर जा गिरी। ट्रैक्टर चालक कुचलता हुआ ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया। जिससे अधेड़ महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बेटा मन्नू गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाते ही कायमगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन मिश्रा, क्राइम इंस्पेक्टर कामिल खाँ, मंडी चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह, उपनिरीक्षक अय्यूब खाँ ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचकर जाँच पड़ताल की। वहीं ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अधेड़ ़महिला के शव का पंचनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौत की सूचना पाते ही मृतका के बच्चे फरीद, शम्मू, मन्नू, बेटी गाजरीन, फरीन, आफरीन, कुशरा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि इससे पहले मृतका के सबसे छोटे बेटे अयान की मौत हो चुकी है।
ट्रैक्टर ने बाइक सवार महिला को कुचला, मौत
