बैठी महिला सवारियों से भी ट्रैक्टर चालक ने की अभद्रता, पहुंचीं थाने
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली ई-रिक्शा से रगड़ गयी। जिससे ई-रिक्शा का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। विरोध करने पर ट्रैक्टर चालक ने गन्ने से ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी तथा ई-रिक्शा सवार महिलाओं से भी अभद्रता की। पीडि़त महिलायें व ई-रिक्शा चालक थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।

जानकारी के अनुसार कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर फैजबाग आरा मशीन के सामने एक ई-रिक्शा चालक तथा गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली के चालक के बीच उस समय विवाद हो गया, जब गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली ई-रिक्शा से रगड़ गयी। जिससे ई-रिक्शा का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। जिसका ई-रिक्शा चालक ने विरोध किया, तो चालकों में विवाद होने लगा। देखते ही देखते विवाद का स्वरूप बढ़ गया और ट्रैक्टर चालक द्वारा गन्ने से मारपीट की जाने लगी। इस दौरान ई-रिक्शा चालक के साथ-साथ ई-रिक्शा में बैठी सवारी महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। मारपीट की घटना के वक्त तमाम लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गयी। कुछ लोगों ने बीच बचाव कराने की कोशिश की तथा घटना का वीडियो बनाया। कुछ लोगों ने इस वीडियो को वायरल कर दिया। दबंगों की दबंगई की शिकार ई-रिक्शा चालक तथा महिलाएं पुलिस चौकी फैजबाग पहुंचीं। जहां आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ शिकायत की। बताते हैं जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर मौके से फरार हो चुका था। वायरल वीडियो के संबंध में चौकी इंचार्ज जे0के0 पटेल से जानकारी की गई, तो उनका कहना था आवश्यक कार्य से न्यायालय जा रहे हैं। घटना की जानकारी नहीं है।
फोटो एफआरडीपी १२
