
ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर मकनपुर मेले में जा रहे थे लोग
जिलाधिकारी व एसपी ने पहुंचकर घायलों के लिए हालचाल
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। बाइक सवार को टक्कर मार ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गयी। जिससे बाइक सवार सहित ट्राली में बैठी लगभग 30 सवारियां घायल हो गयीं। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद लगभग डेढ़ दर्जन लोगों को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां डाक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया।
पड़ोसी जनपद शाहजहाँपुर के मिर्जापुर इस्लामनगर निवासी बाबू पुत्र गरीब उम्र करीब ४० वर्ष अपने ट्रैक्टर-ट्राली में लगभग 35 सवारियों को लेकर मकनपुर के मेले में जा रहा था।

जब उसका ट्रैक्टर थाना शमसाबाद के ग्राम वलीपुर भगवंत के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही बाइक से ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गयी। जिससे ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गयी। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 18 वर्षीय अर्जुन पुत्र हरपाल व 8 वर्षीय नैतिक पुत्र सूरज निवासी तेराजाकेट कन्नौज घायल हो गये। दोनों घायल बाइक सवारों को 108 एम्बुलेंस के ईएमटी मुकेश ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं ट्रैक्टर पलटने से चालक बाबू के साथ उसकी पत्नी 40 वर्षीय कल्लो, थाना मऊदरवाजा के कटरी धर्मपुर निवासी 65 वर्षीय अजीजन, शाहजहाँपुर के मिर्जापुर इस्माइल नगर निवासी 35 वर्षीय खजाना पत्नी रियाजुद्दीन, 60 वर्षीय खातून पत्नी असगर, 60 वर्षीय नजमा पत्नी सौना, रिजाजुद्दीन का 04 वर्षीय पुत्र सलमान, 19 वर्षीय शर्मील पुत्र रिजाजुद्दीन, 30 वर्षीय नानुका पुत्र शब्बीर, 22 वर्षीय सइना पत्नी शानू, सलीम का 2 वर्षीय पुत्र जमशेद, 35 वर्षीय अजीयन पुत्र बाबुद्दीन, 60 वर्षीय लटूरी पुत्र छोटे को लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया। जहाँ ईएमओ डॉ0 वैभव यादव ने अजीयन और लटूरी को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह, एसपी विकास कुमार, अपर जिलाधिकारी सुभाष चन्द्र प्रजापति, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अवनींद्र सिंह आदि लोहिया अस्पताल पहुंचे और मरीजों के हालचाल लेकर घायलों की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश दिये।
