बीडीओ व उनकी टीम को दिया साधुवाद
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की टीम ने ग्राम पंचायत का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं का हाल जाना। व्यवस्था ठीकठाक मिलने पर अधिकरियों ने संतोष व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार दूसरे दिन प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने नवाबगंज विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिलखाना का निरीक्षण किया। टीम ने प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर एमडीएम के भजन का स्वाद चखा। यहां तैनात प्रधानाध्यापक भानु प्रताप सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी अमर सिंह राणा की सराहना की। इसके बाद टीम ने प्रधानमंत्री आवास, आरोग्य मंदिर और एनबीआर इंटर कॉलेज भी देखे। निरीक्षण के दौरान आरोग्य मंदिर में खराब पड़े कूड़ेदानों को बदलने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने गांव में नाली की साफ -सफाई और बिजली व्यवस्था का भी जायजा लिया। बताते चलें कि टीम के निरीक्षण के लिए आने की सूचना पर बीडीओ ने पहले ही व्यवस्थायें चाक चौबंद कर दी थीं, जिससे सभी आईएएस अधिकारियों ने विकास खंडाधिकारी अमरेश चौहान तथा उनकी टीम की सराहना की। वहीं बिजली व्यवस्था, प्राथमिक स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, राशन की दुकान, ग्रामीण बैंक, पंचायत भवन, डाक घर, सामुदायिक शौचालय, जल निगम की टंकी, सीएचसी आदि का जायजा लिया और एनबीआर इंटर कॉलेज में शिक्षकों और छात्रों से बातचीत की तथा उन्हें बेहतर पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को बताया कि कड़ी मेहनत और समर्पण से यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस अधिकारी बनने का सपना पूरा किया जा सकता है। अधिकारियों ने आईएएस बनने के लिए आवश्यक योग्यता जैसे स्नातक की डिग्री और निर्धारित आयु सीमा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को धैर्य रखने और चुनौतियों का सामना करते हुए निरंतर प्रयास करने का मैसेज दिया, ताकि वह अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकें और देश का नाम रोशन कर सकें। छह सदस्यीय टीम में अक्षय, दिलीप, राहुल कुमार चौधरी, आदित्य कुमार, कृष्णकांत लूना, दिव्यांशी अग्रवाल और नंदन जीपी शामिल थे। निरीक्षण के दौरान विकास खंड अधिकारी अमरेश चौहान, एडियो पंचायत कृष्णपाल सिंह, सीएचसी प्रभारी डॉक्टर लोकेश शर्मा और खंड शिक्षा अधिकारी अमर सिंह राणा, सचिव सुनील कुमार सिंह, ग्राम प्रधान प्रीति देवी, प्रतिनिधि सुनील कुमार, ग्राम सचिव मोतीलाल यादव, बृजेश कुमार, अनुपम बाजपेई, प्रमोद शुक्ला, अरविंद कुमार, कुलदीप राजपूत, वेद प्रकाश, कामता प्रसाद पटेल, प्रवीण कुमार, एडियो आईएसबी सुखदेव सिंह, एडियो समाज कल्याण अंकुश कटियार, इंचार्ज सीडीपीओ सुनीता उपाध्याय, सीएम फॉलोअर इंदल बाबू तथा विकास खंड के समस्त कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को ग्राम पंचायत में चाक चौबंद मिलीं व्यवस्थायें
