छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किया देशभक्ति कार्यक्रम,खेल मैदान में किया गया पौधरोपण।
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में हर्षोउल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।कार्यक्रम में कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया।इसके साथ-साथ एनसीसी कैडेटों ने तिरंगे को सलामी दी।इस दौरान कुलपति ने संविधान की रक्षा के प्रति शपथ दिलाई जिसे सभी लोगों ने एक साथ दोहराया।छात्र-छात्राओं ने विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया तो वहीं दूसरी तरफ कुलपति के नेतृत्व में सभी शिक्षकों,कर्मचारियों व वैज्ञानिकों ने खेल मैदान में छायादार वृक्षों को लगाया।कुलपति डा. सिंह ने आजादी के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हमारे अमर क्रांतिकारियों के सपनों का भारत अपना साकार रूप ले रहा है। क्रांतिकारियों की कुर्बानी को हम कभी नहीं भूल पाएंगे।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति पर काम कर रहा है और भविष्य में इसका लाभ छात्र छात्राओं को मिलेगा।यूजीसी नेट परीक्षा में 81 छात्र-छात्राओं के उत्तीर्ण होने पर कुलपति ने खुले मंच से बधाई दी।एनआईआरएफ रैंकिग में विश्वविद्यालय के शामिल होने पर कुलपति ने कहा कि यह पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है।उन्होंने कहा कि मोटे अनाज पर विश्वविद्यालय पैदावार एवं प्रशिक्षण देने का काम कर रहा है।इस मौके पर कुलपति ने एक विधवा महिला उमा देवी को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपाविशिष्ट अतिथि सेना के रिटा. कर्नल हरिश्चंद्र सिंह को कुलपति ने मेरी माटी मेरा देश के अंतर्गत स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।सम्मान पाकर श्री सिंह ने कहा कि युवाओं को अपनी सोच बदलने की जरूरत है।युवाओं को रोजगार पाने के लिए नहीं बल्कि दूसरों को रोजगार देने के लिए शिक्षा पर बल देना होगा तभी हमारा देश उन्नति करेगा।क्रीड़ा परिसर में सामूहिक रूप से सभी ने छायादार वृक्ष लगाए।इस दौरान विश्वविद्यालय के अंकित, अमिता,देवेश,निशा,नितिन, सुनिता,उज्ज्वल,विकास, शुभांकर,दीपा,आयुष और अनुपम आदि छात्र छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

