उन्नाव, समृद्धि न्यूज। अजगैन कोतवाली अंतर्गत लखनऊ-कानपुर हाईवे पर एक ढाबे के किनारे एक ट्रक चालक अचेत अवस्था में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर एंबुलेंस से उसे सीएचसी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जनपद संत कबीर नगर के दुधारा थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़डीहा खुर्द निवासी उमर 55 वर्ष पुत्र मो. खलील जो मुंबई की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के लिए ट्रक चालक था। उमर कोलकाता से माल खाली कर मुंबई लौट रहा था। लखनऊ और कानपुर में उसे वापसी का भाड़ा नहीं मिला, जिसके कारण वह अजगैन के पास बिचपरी गांव स्थित एक ढाबे पर पिछले चार दिनों से रुका हुआ था। आज सुबह वह अपने ट्रक के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। कंपनी के मैनेजर दुर्गा प्रसाद गौड़ ने बताया कि उमर 18 अक्टूबर को कार्टून के डिब्बे लेकर कोलकाता गया था। वापसी में उसे लखनऊ और कानपुर से कोई भाड़ा नहीं मिल पा रहा था, इसलिए वह अजगैन के पास ढाबे पर रुका था। गौड़ ने बताया कि बुधवार को उमर ने तबीयत खराब होने की बात कही थी, जिसके बाद कंपनी ने दूसरे चालक के हाथ उसे दवा भी भेजी थी और डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी थी। उमर ने तब आराम करने की बात कही थी। सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। अजगैन कोतवाली प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि मृतक गाड़ी खाली करके मुंबई वापस जा रहा था। बृहस्पतिवार सुबह वह अचेत मिला था, जिसे सीएचसी में मृत घोषित कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
