फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीती रात हाईटेंशन विद्युत लाइन की चिंगारी पकी खड़ी गेहूं की फसल पर गिर पड़ी। जिससे गेहूं धू-धू कर जलने लगा। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फसल जलकर राख हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार बुधवार को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रोहिला निवासी योगेंद्र यादव पुत्र माखन सिंह यादव का कारगिल पेट्रोल पंप के पीछे 15 बीघा खेत है। जिसमे गेंहू पका खड़ा है। बीती रात अचानक गेंहू की फसल में आग लग गयी। आनन-फानन में ग्रामीण एकत्र हुए। उन्होंने डायल 112 को फोन किया। उधर ग्रामीणों ने मिट्टी पानी आदि से आग पर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक लगभग दो बीघा गेंहू की फसल राख हो गयी थी। वहीं पीडि़त का कहना था कि घटना की सूचना लेखपाल को दी गयी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक लेखपाल मौके पर नहीं पहुंचा था। बताते चलें कि आजकल एचटी लाइन के जर्जर तारों से निकलने वाली चिंगारी किसानों की फसल पर कहर बनकर टूटती है और पल भर में किसानों की मेहनत से तैयार की गयी फसल को जलाकर राख कर देती है।
हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से दो बीघा गेहूं जलकर राख
