पुलिस मुठभेड़ में दो गौतस्कर के पैर में लगी गोली, 20 गौवंश बरामद

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। पुरवा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुलिस गौतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई।जिसमें दो गौतस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 गौवंश बरामद किए हैं, जिन्हें बिहार ले जाया जा रहा था। जानकारी के अनुसार पुरवा कोतवाली क्षेत्र के मिर्री चौराहा के पास, पुरवा पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी चेकिंग के दौरान सामने से आ रही एक डीसीएम को रोकने के लिए कहा लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने डीसीएम का पीछा किया और मिर्री खेड़ा रोड पर नहर पुलिया के पास धर्मकांटा के सामने उसे घेर लिया। तभी वाहन में सवार दो लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद उन्हें मौके पर हिरासत में लिया गया। आरोपियों की पहचान उस्मान पुत्र हाशिम (निवासी मितौली, जनपद खीरी) और जयप्रकाश तिवारी पुत्र देवकीनंदन तिवारी (निवासी सूरजपुर बघौरा, थाना सफदरगंज, जनपद बाराबंकी) के रूप में हुई है।

दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।डीसीएम की तलाशी लेने पर उसमें 20 गोवंश पशु मिले। ये पशु पुरवा क्षेत्र से बिहार राज्य ले जाए जा रहे थे। आरोपियों के पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक 312 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *