भीषण शीतलहर के चलते कक्षा 12 तक के स्कूलों में दो दिन की छुट्टी

ठंड और घने कोहरे के प्रकोप को देखते हुए बीएसए ने जारी किया आदेश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बढ़ती ठंड, शीत लहर और घने कोहरे के चलते नर्सरी से लेकर 12वी तक के सभी विद्यालय बंद करने के बीएसए ने आदेश जारी किये है।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में बढ़ती कड़ाके की ठंड, भीषण शीतलहर और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और आवागमन में होने वाली भारी कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद के सभी बोर्डों के स्कूल 19 और 20 दिसंबर (शुक्रवार और शनिवार) को बंद रहेंगे।

सभी बोर्डों पर लागू होगा नियम

जिलाधिकारी के आदेशानुसार, यह निर्णय नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। इसमें मुख्य रूप से समस्त परिषदीय विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालय, सभी मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय और यूपी बोर्ड शामिल है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए है। विद्यालय में कार्यरत समस्त शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को नियमित रूप से स्कूल में उपस्थित रहना होगा। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी ठंड और कोहरे के पूर्वानुमान को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई विद्यालय आदेश का उल्लंघन कर कक्षाएं संचालित करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए 19 और 20 दिसंबर को अवकाश घोषित किया गया है। सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *