ट्रक से टकराकर दो घायल

हलिया (मिर्जापुर)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के हलिया ड्रमंडगंज मार्ग स्थित रतेह गांव में शिव फिलिंग स्टेशन के सामने रविवार की रात आठ बजे के करीब बालिका को बचाने में बाइक सवार खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गए। घटना में बाइक चालक युवक और बाइक पर पीछे बैठा बालक गंभीर रूप से घायल हो गए। ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र के पथरही बरेज गांव निवासी 18 वर्षीय अतुल चैरसिया अमहा मुड़ेल गांव निवासी देवता प्रसाद चैरसिया के 11 वर्षीय पुत्र हरिओम को बाइक पर पीछे बैठाकर बाइक में तेल भराने के लिए रतेह गांव स्थित पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। बाइक सवार जैसे ही शिव पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो सड़क पर जा रही बालिका को बचाने के चक्कर में बाइक सवार सड़क किनारे पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गए। घटना में बाइक चालक अतुल के सिर में गंभीर चोटें आ गई और बाइक पर पीछे बैठा हरिओम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। रतेह गांव निवासी अमर बहादुर चैरसिया व रजनीश चैरसिया ने बाइक सवार घायलों को उपचार हेतु एंबुलेंस सेवा पर फोन किया और घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मियों ने दोनों घायलों को उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डा॰ विवेक खरे ने मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। मंडलीय चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया जहां दोनों का उपचार किया जा रहा है। बाइक चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं घायल बालक की हालत सामान्य बताई जा रही है। घायलों को लेकर ट्रामा सेंटर वाराणसी पहुंचे प्रधान पति अशफाक अहमद ने बताया कि घायल बाइक चालक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। ट्रामा सेंटर वाराणसी में उपचार चल रहा है। हालत गंभीर है। वहीं घायल बालक की हालत सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *