फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कांवर भरने आये दो कांवडिय़ा अचानक स्नान करने के दौरान डूब गये। एक को सकुशल निकाल लिया गया, जबकि दूसरे को गोताखोरों की मदद से निकाला गया। उसे गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल लाया गया। जहाँ उसको मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार जनपद लखीमपुर खीरी महराजगंज पकरिया निवासी 20 वर्षीय अर्पित पुत्र रामकिशन अपने बड़े भाई अनमोल गाँव के ही 16 वर्षीय शिवम व लगभग दो दर्जन लोगों के साथ कांवर भरने पांचाल घाट दूसरी सीढ़ी पर आया था। अर्पित और शिवम गंगा में स्नान करने लगे। अचानक दोनों गहरे पानी में डूब गये। जिससे चीख पुकार मच गयी। शिवम को मौके पर मौजूद लोगों ने सकुशल निकाल लिया, जबकि अर्पित गहरे पानी में समा गया। सूचना पर पहुंचे कादरी गेट के कार्यवाहक थानाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद ने गोताखोरों की मदद से अर्पित को पानी से रेस्क्यू कराया और उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। लोहिया में परीक्षण के उपरांत चिकित्सक नें अर्पित को मृत घोषित कर दिया। मृतक इंटर का छात्र था। कार्यवाहक थानाध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद नें बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा।
गंगा में स्नान के दौरान दो कांवडिय़ा डूबे, एक की मौत
