नवाबगंज क्षेत्र में छह करोड़ से 33 हजार केवीए की डाली जाएंगी दो लाइनें

लगभग 68 किलोमीटर क्षेत्रफल में पड़ेगी बिजली लाइन
विभाग को मिला बजट, जल्द ही डाला जाएगा टेंडर
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। क्षेत्र में जल्द ही 33 हजार केवीए की दो लाइनें डलवाई जाएंगी। करीब 68 किलोमीटर क्षेत्रफल में पडऩे वाली लाइनों में छह करोड़ की लागत आएगी। शासन से बिजली विभाग को बजट भी मिल गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लाइनों को डलवाए जाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। नई बिजली लाइनें पडऩे से नवाबगंज व कायमगंज क्षेत्र के घरेलू व ट्यूबवेल उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग व लो वोल्टेज से राहत मिलेगी। क्षेत्र में वर्षों से पड़ी बिजली लाइनें काफी जर्जर हो चुकी हैं। बरसात और आंधी में आए दिन तार टूटकर गिर जाते हैं। जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होती है। लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या भी बनी रहती है। विगत वर्ष निसाई से नवाबगंज और साहबगंज से निसाई तक करीब 34.34 किलोमीटर क्षेत्रफल में 33 केवीए की लाइन डलवाए जाने का प्रस्ताव भेजा गया था। बिजनेस प्लान के तहत शासन ने दोनों लाइनें डाले जाने के लिए छह करोड़ का बजट भी जारी कर दिया है। लाइनों को डलवाए जाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर पड़ते ही लाइन डलवाए जाने का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। दो जगह नई लाइनें बनने से नवाबगंज क्षेत्र के साथ कायमगंज क्षेत्र के करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा गांवों के बाशिंदों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने लगेगी। ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। किसानों को भी अच्छी आपूर्ति मिलने से सिंचाई करने में परेशानी नहीं उठानी होगी। अधीक्षण अभियंता (एसई) अजय कुमार ने बताया कि निसाई से नवाबगंज और साहबगंज से निसाई तक नई बिजली लाइन डाले जाने के लिए छह करोड़ रुपये मिले हैं। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *