उन्नाव, समृद्धि न्यूज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में महिलाओं को बंधक बनाकर हुई लूटकांड की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बुधवार देर रात ग्राम लखापुर के त्रिभुवन खेड़ा तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।
पूछताछ में बदमाशों की पहचान रामू पुत्र गुरु प्रसाद निवासी रसूलपुर, रायबरेली और राजू पुत्र हफीज निवासी गुटकुशहन फुलेन्डी, रायबरेली के रूप में हुई। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से
1,05,000 लूटी गई नकदी
दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस सहित मोटरसाइकिल बरामद की है।
गंगाघाट पुलिस, सीओ सिटी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई से न सिर्फ बदमाश गिरफ्तार हुए, बल्कि वारदात का भी खुलासा हो गया। महिलाओं को बंधक बनाकर लूट करने जैसी संगीन घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने जनता का भरोसा और मजबूत किया है।
एसपी दीपक भूकर ने कहा “अपराधी चाहे जितना शातिर हो, उन्नाव पुलिस की पकड़ से बच नहीं सकता। अपराधियों को सख्त सबक मिलेगा और जनता सुरक्षित है।”
