कायमगंज, समृद्धि न्यूज। पुलिस ने चोरी की आधा दर्जन मोटरसाइकिलों सहित दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
सोमवार को मुखबिर द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी कि एक वाहन चोरों का गिरोह सक्रिय है। जो मोटर साइकिल की चोरी करके उन्हें बेचता है। इस सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गयी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापा मारकर दो अभियुक्तों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने अपना नाम निर्दोष माथुर पुत्र रामऔतार निवासी मोहल्ला मिश्राना थाना पटियाली जनपद कासगंज, सत्यप्रकाश उर्फ सचिन पुत्र लालाराम टेलर निवासी मोहल्ला सैन थाना पटियाली जनपद कासगंज बताया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ एक खुखरी, एक प्लास, एक रेंती और एक हथौड़ी भी बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है। अभियुक्त निर्दोष माथुर पर विभिन्न जनपदों में करीब १९ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अभियुक्त सत्यप्रकाश उर्फ सचिन पर तीन मुकदमे पंजीकृत हैं।
आधा दर्जन चोरी की बाइकों सहित दो शातिर चोर गिरफ्तार
