फर्रुखाबाद/कमालगंज, समृद्धि न्यूज। फर्जी आधार कार्ड बनाकर दूसरे व्यक्ति की जमीन की रजिस्ट्री करने के मामले में दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नबादा रोड ग्रामीण बैंक आर्यावर्त के नजदीक नकली आधार कार्ड बनने की जानकारी होने पर मुखबिर की सूचना पर कमालगंज थाने में तैनात दरोगा महेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ महाकाल जन सेवा केंद्र से अमन कुशवाहा और पिन्ना पुत्र अशोक कुमार निवासी जलालपुर थाना जहानगंज एवं दूसरा व्यक्ति शिवेंद्र राजपूत पुत्र सूरजपाल निवासी नौगमा नसरतपुर थाना कमालगंज को पकड़ लिया। जामा तलाशी लेने पर अमन कुशवाहा के पास एक मोबाइल, लैपटॉप, चार्जर, कीबोर्ड, माउस एवं लेमीनेसन पाउच, 12 आईडी पेपर, आईडी कार्ड छाया प्रति एवं जेब से 1450 रुपए बरामद हुए। शिवेंद्र राजपूत के पास एक आधार कार्ड बरामद किया है। जिस पर शिवेंद्र का फोटो लगा था।

आधार पर पंजाबी पुत्र मैकूलाल निवासी नगरिया देवधरापुर भोजपुर लिखा पाया गया। आधार कार्ड नंबर 499067182670 लिखा है। जिसको मोबाइल ऐप से चेक किया, तो आधार कार्ड इनवैलिड पाया गया एवं 400 रुपये नगद बरामद हुए। पहले व्यक्ति अमन के मोबाइल से एक फोटो एवं प्रिंट पाया गया। जिसके द्वारा अमन लोगों से अधिक पैसे लेकर नकली आधार कार्ड बनाने का कार्य करता था। एलबम मोबाइल से 14 आधार कार्ड की छायाप्रति प्राप्त हुई। जिनमें क्रमांक भी लिखा है। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया पंजाबी इस समय आजीवन कारावास की सजा जेल में काट रहा है। इसके छूटने की कोई उम्मीद नहीं है। पंजाबी की जमीन बेचकर लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से आधार कार्ड बनाया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करके जेल भेज दिया।
