दिल्ली: मौसम विभाग ने रविवार को भी उत्तराखंड समेत 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अंधड़, गरज, बिजली गिरने और कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में दो दिन पहले हुई बारिश के बाद हवा में उमस बढ़ गई है। उमस बढऩे से लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। तेज धूप के चलते लोग दिन के वक्त घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। 25 अप्रैल तक मौसम में बदलाव की संभावना कम है। इस दौरान 21 और 22 अप्रैल को हल्की आंधी आने का अनुमान है। दिल्ली में आज मौसम सामान्य रहने की संभावना है। उधर यूपी के अधिकांश जिलों में आज तेज आंधी-तूफान की संभावना है। वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भयंकर बारिश के आसार हैं।
20 राज्यों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज व यलो अलर्ट जारी
राजस्थान और मध्य प्रदेश को छोडक़र जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत पश्चिम हिमालयी क्षेत्र समेत देशभर में अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई और ओले गिरे। उत्तर पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हुई। मौसम के मिजाज में आए इस बदलाव से यातायात संबंधी कुछ दुश्वारियां तो बढ़ीं, लेकिन ठंडी हवाओं ने भीषण और उमसभरी गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। मौसम विभाग ने रविवार को भी उत्तराखंड समेत 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अंधड़, गरज, बिजली गिरने और कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली का मौसम
21 और 22 अप्रैल को थोड़े बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 15 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। इस वजह से तापमान बढऩे पर ब्रेक लगेगा। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री तक रहेगा। वहीं, 23 से 25 अप्रैल तक कभी बादल तो कभी तेज हवाएं चलेंगी। 23 अप्रैल को 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 23 से 25 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
कश्मीर घाटी के गुरेज में भारी बर्फबारी के चलते 8वीं तक स्कूल बंद
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को रेड अलर्ट की बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मूसलाधार बारिश हुई। कुछ जगह हिमपात भी हुआ। कश्मीर घाटी के गुरेज में भारी बर्फबारी के चलते 8वीं तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के तटवर्ती इलाकों में ऑरेंज अलर्ट के बीच तेज हवाएं चलीं और अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि और गरज के साथ भारी बारिश दर्ज की गई।
