पानी भरे खेत में घास काट रहे भतीजे की बिजली करंट से मौत, चाचा गंभीर

जमीन के नीचे से मोटर चलाने के लिए डाली गई लाइन पर पैर पडऩे से घटी घटना एसडीएम व तहसीलदार तथा पुलिस ने पहुंचकर की जांच

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। पानी भरे खेतों में घास काट रहे चाचा-भतीजे को बिजली का करंट लग गया। भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। चाचा गंभीर हो गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मौत की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सूचना पर एसडीएम व तहसीलदार तथा विद्युत विभाग के जेई ने भी पहुंचकर जांच पड़ताल की। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम चिडिय़ा महोलिया निवासी संजीव पुत्र रवि सिंह अपने चाचा सनी राजपूत पुत्र राम भजन के साथ गांव के बाहर गन्ने के खेतों में घास काट रहे थे। जैसे ही दोनों घास काटकर चले वैसे टूटे पड़े तार से करंट लग गया। सनी बिजली के झटके से दूर जा गिरा, लेकिन भतीजा संजीव बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक संत प्रकाश पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। घटना की सूचना पर विद्युत विभाग के जेई होरीलाल वर्मा भी मौके पर पहुंच गये। ग्रामीणों ने बताया कि निगार से ट्रांसफार्मर से जमीन के नीचे से लाइन खेतों में मोटर द्वारा पानी लगाने के लिए प्रयोग होता था। जिसके लिए लाइन आई थी। उसी लाइन पर पैर पडऩे से संजीव की मौत हो गई है। उप जिलाधिकारी गजराज सिंह व तहसीलदार करमवीर सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। जेई होरीलाल वर्मा ने बताया कि जांच की जाएगी, यदि कनेक्शन नहीं पाया गया तो कार्यवाही की जाएगी। संजीव अपने भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। मृतक के पिता रवि सिंह व मां भगवानश्री आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दरोगा उदयवीर सिंह यादव ने शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *