अनियंत्रित कार ने बाइक में मारी टक्कर, एक की मौत

बाद में ई-रिक्शा से जा भिड़ी, दो युवतियां घायल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज।
तेज रफ्तार अनियंत्रित कार चालक ने ई-रिक्शा व बाइक में टक्कर मार दी। इस दौरान दोनों बाइक सवार व ई-रिक्शा में बैठी दो सवारियां घायल हो गयीं। जिन्हें उपचार के लिए लोहिया अस्पताल ले गया। जहां चिकित्सक ने एक बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जानकारी के अनुसार पांचाल घाट निवासी बबलू गुप्ता पुत्र ब्रजमोहन अपने साथी कमलेश कुमार पुत्र उमेश सिंह निवासी दिन दयाल बाग के साथ बाइक से जा रहे थे। पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों उछल कर सडक़ पर जा गिरे और गम्भीर रुप से घायल हो गये। जिसके बाद अनियंत्रित कार ने एक ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। जिससे उसमें बैठी पल्लवी व दुर्गा निवासी भगुआ नगला थाना कादरीगेट घायल हो गयी। सभी घायलों को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया। जहां ईएमओ डॉ0 आकाश बंसल ने बबलू को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक बबलू के साथी कमलेश कुमार ने बताया की पुलिस ने आरोपित कार चालक को पकड़ लिया है। गाड़ी को चौकी पर खड़ा करवाया गया। घटना के बाद से पत्नी पूजा व भाई संजय आदि का रो-रोकर बुरा हाल है। बताते हैं कि मृतक पेठा की ठेली लगाकर अपना व अपने बच्चों का पालन पोषण करता था। वह अपनी बेटी खुशी और पूर्वी के लिए कपड़े लेने साथी कमलेश के साथ गया था,तभी रास्ते में प्राइमरी स्कूल के पास कार ने टक्कर मार दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *