समृद्धि न्यूज। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सहारनपुर में शुक्रवार सुबह देहरादून की ओर से आ रहा तेज रफ्तार में खनिज से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर एक कार पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार को अचानक सामने देखकर डंपर चालक ने ब्रेक लगाए, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। नियंत्रण खोने पर डंपर सीधे कार के ऊपर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह डंपर के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार कार में मौजूद सात लोगों की मौके पर मौत हो गयी। जिनमें एक बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद लोगों में रोष फैल गया। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया। लोगों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। वहीं हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर जिले में हुए सडक़ हादसे पर संज्ञान लेते हुए दुखी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि घायलों को सही इलाज मिले। इस हादसे में 35 वर्षीय संदीप पुत्र महेंद्र, 27 वर्षीय बहन जौली देवी, 28 वर्षीय शेखर कुमार, रानी, 20 वर्षीय विपिन, रानी की बेटी और एक 45 वर्षीय अज्ञात की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर थोड़ी देर के लिए यातायात रोककर बचाव कार्य चलाया। हादसे के बाद पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कार पर पलटा अनियंत्रित डंपर, 7 की मौत
