
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कोचिंग पढक़र लौट रहीं दो छात्राओं को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे एक छात्रा की मौत हो गयी, जबकि एक गम्भीर रुप से घायल हो गयी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट के ग्राम पपियापुर निवासी अनमोल उर्फ पप्पू पाल की 15 वर्षीय पुत्री सोनाली इंटर की छात्रा है। मंगलवार शाम वह अपने ही गाँव की छात्रा सिमरन पुत्री रामरतन शाक्य के साथ कोतवाली फतेहगढ़ के सेट्रल जेल तिराहे के निकट एक कोचिंग में पढ़ाई करके लौट रही थी। उसी दौरान सेंट्रल जेल तिराहे के निकट आलू लादकर पीछे से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित पिकअप खड्ड में घुस गयी। वहीं टक्कर लगने से सोनाली के सिर में गंभीर चोट आयी, जबकि सिमरन के मामूली चोट होने पर परिजन उसे घर ले गये। वहीं गंभीर रूप से घायल सोनाली को आवास विकास के एक निजी नर्सिग होम में भर्ती कराया गया है। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सोनाली के पिता का सातनपुर आलू मंडी मार्ग पर ढाबा है। दुर्घटना के दौरान मौके पर भीड़ लग गयी। भीड़ ने चालक को पकडक़र उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पंहुची पुलिस ने चालक और पिकअप को कब्जे में ले लिया। सेंट्रल जेल चौकी इंचार्ज शंकरानन्द ने बताया कि चालक और पिकअप पुलिस के कब्जे में हैं। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।
