
*ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत कनेक्शन कराने पर विद्युत सखी को प्रत्येक कनेक्शन पर मिलेगी सौ रुपये प्रत्सोहन राशि: डीएम
*बिल विद्युत सखी के माध्यम से ही जमा कराया जाए, सहयोग न करने वाले मीटर रीडर पर कार्यवाही के निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों के हर घर में विद्युत कनेक्शन दिया जाना है। ऐसे परिवार जो विद्युत का प्रयोग कर रहे है, परंतु कनेक्शन नहीं लिया हुआ है, उन परिवारों का विद्युत सखी सर्वे कर अपना पूरा सहयोग प्रदान करें और उनको जागरूक कर विद्युत कनेक्शन कराने हेतु प्रेरित करें। यदि विद्युत सखी द्वारा सर्वे कर विद्युत कनेक्शन कराया जाता है तो उनको प्रति कनेक्शन 100 की प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया जाएगा। बैठक में विद्युत सखी द्वारा बताया गया कि विद्युत बिल जमा करने में मीटर रीडर सहयोग नहीं करते है, स्वयं विद्युत बिल जमा कर लेते है। जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत बिल विद्युत सखी के माध्यम से ही जमा कराया जाए और इस कार्य में जो मीटर रीडर सहयोग ना करे तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्यवाही की जाए। सर्वे के दौरान विद्युत सखी को असुविधा ना हो इसके लिए पुलिस विभाग को पूरा सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डीसीएनआरएलएमए अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग, एवं अन्य सभी विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारी व बीसी सखी उपस्थित रहे।
