कायमगंज, समृद्धि न्यूज। कोतवाली क्षेत्र के गाँव अताईपुर जदीद मेन रोड पर स्थित मां दुर्गा मंदिर मठिया में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए मंदिर से तीन घंटे चोरी कर लिए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मंदिर परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मंदिर परिसर में पीपल के पेड़ पर लगा लगभग 11 किलो वजनी एक बड़ा घंटा, साथ ही मंदिर के अंदर स्थापित 5-5 किलो के दो घंटे चोर उखाड़ ले गए। कुल मिलाकर करीब 21 किलो पीतल के घंटे चोरी कर लिए गए। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। सुबह लगभग 5.00 बजे जब मंदिर के पुजारी महिमा चंद्र पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो चोरी की जानकारी हुई। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाँच पड़ताल की। ग्रामीणों ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है।
