यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं की परीक्षा आज से शुरू, 54.37 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी यानी आज से शुरू हो रही हैं. 24 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित होने वाली इन बोर्ड परीक्षाओं में 54.37 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होने वाले हैं. इनमें 27.32 लाख से अधिक परीक्षार्थी कक्षा 10 की परीक्षा देंगे, जबकि 27.05 लाख से अधिक परीक्षार्थी कक्षा 12 की परीक्षा देंगे. परीक्षाएं दो पालियों में होंगी, पहली पाली में सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक.

इस वार्षिक परीक्षा के लिए यूपी बोर्ड द्वारा कुल 8,140 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इसके अलावा राज्यभर में होने वाली इन परीक्षाओं की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जिसमें 50 से अधिक कंप्यूटर लगे हैं. इस कंट्रोल रूम का उद्घाटन बीते शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने लखनऊ में किया था. परीक्षाओं की मॉनिटरिंग राज्य के साथ-साथ जिला स्तर पर भी की जाएगी. वहीं, संवेदनशील केंद्रों पर एसटीएफ, एलआईयू और स्थानीय पुलिस नजर रखेगी.

20 परीक्षार्थियों पर एक निरीक्षक

बोर्ड ने सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वो सुनिश्चित करें कि परीक्षार्थी आंसर शीट के हर पेज पर अपनी कॉपी और रोल नंबर खुद लिखें. यह निर्देश परीक्षा में मेधावी छात्रों की कॉपियां बदलने की घटनाओं को रोकने के लिए दिया गया है. इसके अलावा 20 परीक्षार्थियों पर निगरानी के लिए एक निरीक्षक की तैनाती भी की गई है. अगर एक ही कमरे में 20 से अधिक परीक्षार्थी बैठे हैं तो निरीक्षकों की संख्या भी दोगुनी कर दी जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *