बच्चों से भरी वैन पलटी, तीन बच्चे गंभीर,

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बारासगवर थाना क्षेत्र में बच्चों से भरी स्कूली वैन पलट गई। हादसे में तीन बच्चे व वैन चालक घायल हो गए, जबकि वैन में सवार अन्य 18 बच्चे सुरक्षित बच गए। सभी घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार जगन्नाथेश्वरी जूनियर हाईस्कूल, रौतापुर की वैन स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। लालकुआं-ऊंचगांव मार्ग पर धर्मकांटा के पास अचानक अनियंत्रित वैन सड़क किनारे पलट गयी।
वैन पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटना देख मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। जिसके बाद पुलिस ने घायलों को अपने निजी वाहन से बीघापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
हादसे में घायल बच्चों की पहचान नैतिक (9 वर्ष), दिव्यांश (9 वर्ष) और आदिक (5 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गढ़ेवा, बारासगवर के निवासी हैं। वैन चालक सोनू निवासी चिलौली को घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है थाना प्रभारी ने बताया कि वैन में कुल 21 बच्चे सवार थे। जिन बच्चों को चोट नहीं आई, उन्हें पुलिस थाने लाकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। स्कूल प्रबंधन से भी वैन की फिटनेस और सुरक्षा मानकों के संबंध में जानकारी की जा रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *